देहरादून
अग्निवीरों के लिए उत्तराखंड में बनेगा अलग सेल, सीएम धामी ने किया बड़ा एलान
देहरादून में अग्निवीर संवाद कार्यक्रम के दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीरों के लिए देश का पहला विशेष सेल बनाने और 10% आरक्षण देने की बात कही।
देहरादून। कुआंवाला मैदान में आयोजित ‘अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा एलान किया है। सीएम धामी ने कहा कि चार साल की देश सेवा पूरी करने के बाद लौटने वाले अग्निवीरों के पुनर्वास और समस्याओं के समाधान के लिए राज्य में एक अलग समर्पित सेल का गठन किया जाएगा। देश में अपनी तरह की यह पहली विशेष पहल होगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि सेवा पूरी करने के बाद किसी भी अग्निवीर को अपने भविष्य की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने अर्धसैनिक बलों समेत कई क्षेत्रों में उनके लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं की हैं। इसके साथ ही, उत्तराखंड सरकार ने राज्य की सरकारी नौकरियों में अग्निवीरों के लिए पहले ही 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को मंजूरी दे दी है।
कार्यक्रम के दौरान जब मुख्यमंत्री से राज्य के अन्य बेरोजगार युवाओं और अग्निवीरों के बीच रोजगार प्राथमिकताओं को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि अग्निवीर भी उत्तराखंड के ही मूल युवा हैं और वे कहीं बाहर से नहीं आए हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी वर्गों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बढ़ाना है और इसमें किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।
इस मंच से मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के दौरान हुए दरोगा व पटवारी भर्ती घोटालों का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने अनियमितताओं को छिपाने के बजाय देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया, जिसमें उम्रकैद तक का कड़ा प्रावधान है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 34 हजार से अधिक सरकारी भर्तियां ‘बिना पर्ची और बिना खर्ची’ के पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा चुकी हैं।
