हरिद्वार
हरिद्वार: शादी में लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग करने वाला दूल्हा गिरफ्तार, लाइसेंस रद्द होगा
हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हवाई फायरिंग करने वाले दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कनखल पुलिस ने पिस्टल बरामद की।
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अपनी ही शादी में खुशी जाहिर करने के लिए लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग करना एक दूल्हे को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर हवाई फायरिंग का वीडियो प्रसारित होने के बाद हरकत में आई कनखल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर स्थित लक्सर रोड पर बने वाटिका फार्म की है। बीती 26 जुलाई को यहां एक शादी समारोह का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान दूल्हे ने अपने रिश्तेदारों और मेहमानों के सामने रौब जमाने के चक्कर में बिना अनुमति अपनी लाइसेंसी पिस्टल से एक के बाद एक कई हवाई फायर कर दिए।
समारोह में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस हर्ष फायरिंग का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही जिला पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और जांच के आदेश दिए गए। कनखल थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित जांच करते हुए आरोपित युवक की पहचान योगेश कुमार निवासी टांडा महतोली, सुल्तानपुर (थाना लक्सर) के रूप में की।
पुलिस टीम ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं और आयुध अधिनियम (Arms Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई ‘मेड इन इंडिया’ लाइसेंसी पिस्टल भी सफलतापूर्वक जब्त कर ली है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के साथ ही उसके शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की संस्तुति रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है।
उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों, विवाह समारोहों या किसी भी पार्टी में हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसा कृत्य न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि इससे आम लोगों की जान को भी बड़ा खतरा रहता है। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
