रुड़की के ढंढेरा रेलवे स्टेशन के पास लखनऊ-चंडीगढ़ ट्रेन से गिरकर बिजनौर निवासी फिरोज की मौत। पुलिस हादसे की जांच में जुटी। पढ़ें पूरी खबर।
हरिद्वार। रुड़की के ढंढेरा रेलवे स्टेशन के समीप एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई। इस घटना से रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नहटौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिलक सेड़ी खेड़ा निवासी 34 वर्षीय फिरोज पुत्र रफीक के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिरोज लखनऊ-चंडीगढ़ ट्रेन में सवार होकर सफर कर रहा था। सफर के दौरान अचानक वह ढंढेरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिवार में इस अचानक हुई मौते से कोहराम मच गया है। प्राथमिक जांच में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ट्रेन से किस प्रकार और किन परिस्थितियों में नीचे गिरा।
फिलहाल पुलिस और जीआरपी इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। रेलवे ट्रैक के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।