कालू वर्मा

AIBF ने सत्र 2026-2029 के लिए नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की है। उत्तराखंड के पदमप्रकाश शर्मा कार्यवाहक अध्यक्ष और संदीप शर्मा संगठन सचिव बने।

हरिद्वार। ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन (AIBF) ने सत्र 2026–2029 के लिए अपनी नई राष्ट्रीय कार्यसमिति (वर्किंग कमेटी) की आधिकारिक घोषणा कर दी है। हरिद्वार से जारी इस सूची में देश भर के ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। संगठन के चुनावों के बाद चुने गए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप ज्योति (केरल) और राष्ट्रीय महासचिव यशपाल तिवारी (चंडीगढ़) ने इस नई कार्यकारिणी को अंतिम रूप दिया है।
इस नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तराखंड का दबदबा देखने को मिला है। राज्य के वरिष्ठ समाजसेवी पदमप्रकाश शर्मा को संगठन का राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष (वर्किंग प्रेसिडेंट) मनोनीत किया गया है। वहीं, हरिद्वार के संदीप शर्मा को राष्ट्रीय संगठन सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, उत्तराखंड से नितिन थपलियाल को आईटी सचिव और प्रवीण गौतम को राष्ट्रीय सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठन को अधिक समावेशी और क्रियाशील बनाने के लिए महिला और युवा विंग का भी पुनर्गठन किया गया है। कर्नाटक की मालिनी एन. को महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष और राजस्थान की निधि शर्मा को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इसी तरह आंध्र प्रदेश के नवीन करनम को युवा विंग का राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पंजाब के संजीव शर्मा को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। तेलंगाना के केशव राव कोंडापल्ली कोषाध्यक्ष पद पर बने रहेंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सभी राज्यों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों को उपाध्यक्ष, सचिव और समन्वय सचिव जैसे पदों पर स्थान दिया गया है। मुख्य समिति, महिला विंग और युवा विंग को मिलाकर कुल 100 से अधिक प्रमुख पदाधिकारियों को इसमें शामिल किया गया है। संगठन नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि यह नई टीम समाज हित, संगठन विस्तार और सामाजिक एकता के कार्यों को पूरे देश में एक नई दिशा और गति प्रदान करेगी।