हल्द्वानी
हल्द्वानी में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से ठगी, भूत-प्रत का डर दिखाकर लाखों के जेवर लूटे
हल्द्वानी में बदमाशों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सम्मोहन और भूत-प्रेत का खौफ दिखाकर 3 लाख के जेवर और नकदी लूट ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
हल्द्वानी। शहर में अपराधियों के बेखौफ हौसले का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने काशीपुर से आई एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। शातिर बदमाशों ने महिला को सम्मोहन और भूत-प्रेत का भय दिखाकर उनके पास मौजूद लगभग 3 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नकदी ठग ली।
पीड़ित बुजुर्ग महिला शांति जोशी काशीपुर के कुंडेश्वरी की रहने वाली हैं। वह 14 अगस्त को लामाचौड़ अपने भाई के घर आई थीं। 19 अगस्त को वह बेरीपड़ाव में अपने चाचा के घर जाने के लिए ई-रिक्शा से निकली थीं। कालू सिद्ध मंदिर चौराहे के पास पहुंचते ही तीन संदिग्ध युवकों ने उन्हें रोक लिया और बातचीत में उलझा लिया।
आरोपियों ने महिला को डराते हुए कहा कि उनके ऊपर भारी भूत-प्रेत का साया है। बदमाशों ने एक फर्जी बाबा का हवाला देकर महिला को नवाबी रोड की ओर सुनसान जगह पर बैठा दिया। इसके बाद सम्मोहन और डर के जाल में फंसाकर बदमाशों ने उनके कानों के कुंडल, मंगलसूत्र और 1200 रुपये नकद लूट लिए। वारदात के समय परिजनों के लगातार कॉल आने के बावजूद बदमाशों ने महिला को फोन तक उठाने नहीं दिया।
घटना के बाद बदहवास हालत में पीड़ित महिला अपने परिजनों के पास पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई। परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर महिला ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
