Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में जुए में हारने पर रची डकैती की साजिश, 2 बदमाश गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के गोरापड़ाव में जुए में पैसे हारने के बाद युवक ने बदमाशों संग मिलकर 8.20 लाख रुपये की डकैती रची। पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा।

हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जुए के खेल में भारी रकम हारने के बाद एक युवक ने उसी जगह पर डकैती की एक खौफनाक साजिश रच डाली। पुलिस जांच के अनुसार, किच्छा निवासी मास्टरमाइंड यश सिडाना पहले गोरापड़ाव स्थित एक कार्यालय में जुआ खेलने पहुंचा था। वहां पैसे हारने के बाद उसने शातिर अपराधियों को वहां जारी बड़े दांव की जानकारी दी और उनके साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
योजना के तहत 19 अगस्त की देर रात तीन कारों में सवार होकर 12 नकाबपोश बदमाश गोरापड़ाव पहुंचे। बदमाशों ने खुद को एसओजी और पुलिस अधिकारी बताकर दफ्तर के अंदर दाखिला लिया। इसके बाद उन्होंने वहां जुआ खेल रहे 10 युवकों को असलहों के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने वहां से करीब 8.20 लाख रुपये की नकदी, 12 कीमती मोबाइल फोन और सोने की तीन चेन लूट लीं और मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में 50 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के आधार पर वाहनों की पहचान की। इसके बाद उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और बरेली क्षेत्र में दबिश देकर दो आरोपियों, वंशप्रीत सिंह और रखवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, तमंचा और 66 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मास्टरमाइंड यश सिडाना ही इस पूरी वारदात की मुख्य कड़ी है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल कुल 12 बदमाशों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मास्टरमाइंड समेत 10 आरोपी अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपी रखवीर के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी के यूट्यूबर को मिली जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मांगी 2 करोड़ की रंगदारी

Select Language

Advertisement