Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी के राजपुरा में नशे के खिलाफ फूटा गुस्सा, पुलिस चौकी का घेराव

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के राजपुरा में स्मैक और अवैध नशे के कारोबार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस चौकी का घेराव कर हल्ला बोल प्रदर्शन किया।

हल्द्वानी। राजपुरा क्षेत्र में पैर पसार रहे अवैध नशे के कारोबार को लेकर स्थानीय जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही स्मैक, चरस और अवैध शराब की बिक्री के विरोध में दर्जनों जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजपुरा पुलिस चौकी का घेराव कर जोरदार हल्ला बोल प्रदर्शन किया। Uttarakhand Police की सुस्त कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए प्रदर्शनकारियों ने तस्करों के अड्डों तक पहुंचकर सीधी चेतावनी दी।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट और पार्षद प्रीति आर्या ने स्पष्ट कहा कि अवैध नशा क्षेत्र के अनगिनत युवाओं और परिवारों के जीवन को तबाह कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत मिलने के बाद भी स्थानीय पुलिस केवल औपचारिकता और खानापूर्ति तक सीमित है। नशे के सौदागरों के खिलाफ कड़ी और प्रभावी कानूनी कार्रवाई तत्काल शुरू की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेता हेमंत साहू और पार्षद धर्मवीर ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में स्मैक तथा अवैध शराब का धंधा बेखौफ तरीके से फल-फूल रहा है। पुलिस प्रशासन की ढिलाई के कारण ही नशे के कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं, जिससे आम जनता में गहरा संतोष व्याप्त है। पूर्व सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान और पूर्व रामलीला कमेटी अध्यक्ष त्रिलोक बनौली ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो जनांदोलन छेड़ा जाएगा।
इस उग्र प्रदर्शन में लगभग 200 लोग शामिल हुए, जिनमें त्रिलोक बनौली, पंडित हरिप्रसाद, अरविंद बाल्मीकि, मधु कश्यप, माया कश्यप, भविष्य रावत, अशोक पांडे, दीपक आर्या और प्रकाश आर्या जैसे प्रमुख चेहरा शामिल थे। सभी ने एक स्वर में पुलिस प्रशासन से अवैध ठिकानों को चिन्हित कर तत्काल छापेमारी करने और युवाओं को बचाने के लिए कड़े अभियान चलाने की मांग की है।

Select Language

Advertisement