राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद दिनेश आर्या पहली बार हल्द्वानी पहुँचे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत कर आभार जताया। पढ़ें पूरी खबर।
हल्द्वानी। हाल ही में राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद दिनेश आर्या अपने गृह जनपद नैनीताल के हल्द्वानी पहुँचे। उनके आगमन पर भारतीय जनता पार्टी जिला नैनीताल की ओर से एक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मंडल मालधन, पीरुमदारा, रामनगर, कोटाबाग, कालाढूंगी, लामाचौड़, बिठौरिया, मुखानी, हल्द्वानी और काठगोदाम से पहुँचे समर्पित कार्यकर्ताओं ने सांसद का स्वागत किया। क्षेत्रवासियों से मिले अपार स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद से अभिभूत होकर सांसद दिनेश आर्या ने सभी का दिल से आभार जताया।
अपने गृह जनपद में मिले इस आत्मीय स्वागत को उन्होंने अत्यंत भावपूर्ण और प्रेरणादायी बताया। सांसद ने कहा कि जनता का यह प्रेम और विश्वास उनकी जनसेवा की प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करता है। यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पार्टी के प्रत्येक कर्मठ कार्यकर्ता की निष्ठा का प्रतीक है।
अंत में, सांसद दिनेश आर्या ने उत्तराखंड की जनआकांक्षाओं को पूरा करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निरंतर कार्य करते रहेंगे। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।