Report by : CWN Desk
Published at :
images (72)

उत्तराखंड कांग्रेस 22 अक्टूबर से शुरू करेगी ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’। महिला अपराध, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ 27 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा का घेराव।

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में गिरती कानून व्यवस्था, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ आयोजित करने का बड़ा निर्णय लिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत यह यात्रा निकाली जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य महिला अपराध, पलायन, भर्ती घोटालों और अग्निवीर योजना जैसी जनविरोधी नीतियों के प्रति आम जनता को जागरूक करना है।
गढ़वाल मंडल में न्याय यात्रा की कमान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के हाथों में होगी। यह यात्रा 22 अक्तूबर को बदरीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद औपचारिक रूप से शुरू होगी। जोशीमठ, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और कोटद्वार होते हुए यात्रा 25 अक्तूबर को गैरसैंण पहुंचेगी। इसके बाद 27 अक्तूबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा गैरसैंण में भव्य विधानसभा घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कुमाऊं मंडल में यात्रा 22 अक्तूबर को अल्मोड़ा के प्रसिद्ध गोलज्यू मंदिर से शुरू की जाएगी। यह रानीखेत, हल्द्वानी, रुद्रपुर और काशीपुर होते हुए 25 अक्तूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ संपन्न होगी। कुमाऊं में यात्रा का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, यशपाल आर्य, करन माहरा और भुवन कापड़ी जैसे वरिष्ठ नेता करेंगे। इसके बाद यात्रा का तीसरा चरण हरिद्वार में आयोजित किया जाएगा।
चुनावी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस हाईकमान ने राज्य के 27 संगठनात्मक जिलों में एआईसीसी (AICC) पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी कर दी है। संजय छोकर, दीपक राठौर, आफताब अहमद और संजना जाटव जैसे नेताओं को जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और फर्जी वोट दर्ज न हो सकें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›