उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या मामले में SIT ने जांच तेज कर दी है। ऑडियो की फॉरेंसिक जांच और सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में उस वक्त भूचाल आ गया जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। एसआईटी ने अपनी कार्रवाई तेज करते हुए कैंट थाने से मुकदमे से जुड़े सभी अहम दस्तावेज और प्रतियां अपने कब्जे में ले ली हैं।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में वायरल हो रहे एक ऑडियो की सत्यता की जांच सबसे अहम मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ऑडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों के वॉइस सैंपल भी लिए जाएंगे। मंत्री की शिकायत में गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनमें हत्या की साजिश और नाबालिग बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा शामिल है।
फिलहाल कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उनके आधिकारिक बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। हालांकि, स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस उनका बयान दर्ज करेगी। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें छुट्टी मिल चुकी है और वह आराम कर रही हैं। एसआईटी हर पहलू को ध्यान में रखकर निष्पक्षता से साक्ष्य जुटाने में जुटी है।
राजनीतिक गलियारों में इस घटना के बाद से सुगबुगाहट तेज हो गई है। विपक्ष और विभिन्न दलों की ओर से भी इस मामले पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके।