Report by : CWN Desk
Published at :
Urmila Sanawar

आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर केस दर्ज। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े नार्को टेस्ट मामले में अब 3 नवंबर को कोर्ट में होगी पेशी।

देहरादून। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में आपत्तिजनक बयानबाजी करने के आरोप में अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रविवार देर रात देहरादून के नगर कोतवाली में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम समेत अन्य प्रमुख लोगों पर मीडिया के समक्ष अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणियां की हैं।
पुलिस के अनुसार, मोती बाजार निवासी सागर ने इस मामले में लिखित तहरीर दी है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह वीडियो देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का है, जहां उर्मिला सनावर जानबूझकर असत्य और भ्रामक बयान देती दिखाई दे रही हैं। पुलिस का मानना है कि इस तरह के वीडियो सार्वजनिक होने से समाज में शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
दूसरी ओर, अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े चर्चित मामले में नार्को टेस्ट को लेकर चल रही कानूनी प्रक्रिया भी आगे बढ़ गई है। अभिनेत्री उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की अदालत में होने वाली पेशी अब तीन नवंबर के लिए टाल दी गई है। सोमवार को दोनों को विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में उपस्थित होना था, लेकिन अलग-अलग वजहों से सुनवाई पूरी नहीं हो सकी।
उर्मिला सनावर को रविवार को हरिद्वार पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के कारण वे अदालत में पेश नहीं हो सकीं, जबकि पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए हलफनामा दाखिल किया। गौरतलब है कि 23 अक्तूबर को हुई पिछली सुनवाई में उर्मिला सनावर ने नार्को टेस्ट कराने के लिए अपनी सहमति जताई थी, जिसके बाद अदालत ने उन्हें विचार करने का समय दिया था।
सीबीआई इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर अदालत में अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। अब आगामी 3 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं, जहां नार्को टेस्ट पर अंतिम निर्णय और आगे की कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ होने की संभावना है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›