सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खेल महाकुम्भ 2026 के समापन पर विजेता देहरादून को 5 लाख रुपये दिए। 3.35 लाख खिलाड़ियों को मिली 11.30 करोड़ की डीबीटी राशि।
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के ननूरखेड़ा स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित ‘खेल महाकुम्भ-2026’ और मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस भव्य अवसर पर मुख्यमंत्री ने ओवरऑल विजेता बने देहरादून जनपद को चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को जोड़ने के लिए ‘meroyuva.in’ पोर्टल का औपचारिक विमोचन भी किया।
इस वर्ष खेल महाकुम्भ में प्रदेश भर के 3 लाख 35 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक की प्रतियोगिताओं में विजय प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के बैंक खातों में लगभग 11.30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार न्याय पंचायत स्तर से ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें हर संभव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
समारोह को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा दिया है। नियमों के तहत राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले पात्र खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के पदों पर 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, इसलिए जो खिलाड़ी पदक से चूक गए हैं, वे और अधिक मेहनत के साथ आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुट जाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। लोहाघाट में बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का संचालन शुरू कर दिया गया है तथा राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय की स्थापना पर तेजी से कार्य जारी है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत चयनित युवाओं को स्कॉलरशिप और आर्थिक सहायता भी मुहैया कराई जा रही है।