Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261101 155522 20261101 102656

हल्द्वानी के कालाढूंगी रोड स्थित कार सर्विस सेंटर में रविवार को भीषण आग लग गई। हादसे में लाखों का सामान और 1.5 लाख कैश स्वाहा हो गया। जानें पूरी अपडेट।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित कालाढूंगी रोड पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। ऊंचा पुल के पास स्थित एक कार सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत सर्विस सेंटर के स्पेयर पार्ट्स स्टोर से हुई थी। इसके बाद लपटें तेजी से फैलते हुए पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर तक पहुंच गईं। इस भीषण अग्निकांड में लाउंज में रखा सोफा, फर्नीचर और भारी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स जलकर पूरी तरह राख हो गए। हादसे के समय वहां मौजूद कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई।
सर्विस सेंटर के संचालक विजय कुमार ने बताया कि इस हादसे में दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। बिलिंग काउंटर में रखी लगभग 1.50 लाख रुपये की नकदी भी इस आग की भेंट चढ़ गई। रविवार दोपहर करीब एक बजे जब अचानक आग की ऊंची लपटें उठीं, तो वहां हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल किरार ने बताया कि आग की विभीषिका को देखते हुए दो वाटर टेंडर के साथ दमकलकर्मियों की टीम को तुरंत रवाना किया गया। दमकल टीम कड़ी मशक्कत के साथ आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयासों में जुटी हुई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›