ऋषिकेश घूमने आए दिल्ली के बीकॉम ऑनर्स के छात्र की नीम बीच पर गंगा में डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने 20 फीट गहराई से शव बरामद किया
ऋषिकेश। धार्मिक और पर्यटन नगरी ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र से एक दुखद हादसा सामने आया है। दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया दिल्ली का एक युवक नीम बीच (पांडव पत्थर) के पास गंगा स्नान करते समय नदी के तेज बहाव में डूब गया। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने करीब 20 फीट की गहराई से युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान दिल्ली के मयूर विहार निवासी 22 वर्षीय आशीष के रूप में हुई है, जो बीकॉम ऑनर्स का छात्र था। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आठ दोस्तों का एक समूह उत्तराखंड घूमने के लिए ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र में आया था। सोमवार को सभी दोस्त तपोवन के नीम बीच पर पांडव पत्थर के पास गंगा नदी में स्नान करने पहुंचे। नहाते समय अचानक आशीष का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा नदी की गहरी धारा में बह गया। साथी को डूबता देख दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन देखते ही देखते आशीष गहरे पानी में ओझल हो गया।
हादसे की सूचना तुरंत तपोवन पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही तपोवन चौकी प्रभारी प्रवीन रावत, एसडीआरएफ और जल पुलिस की बचाव टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के डीप डाइवर पंकज सिंह ने बिना समय गंवाए गंगा के गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद डाइवर ने करीब 20 फीट की गहराई से युवक को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
चौकी प्रभारी प्रवीन रावत ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक छात्र के परिजनों को दे दी गई है और शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन और पुलिस ने ऋषिकेश आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वे गंगा नदी के तटों पर सावधान रहें और गहरे पानी में जाने का जोखिम न उठाएं।