अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ में भालू से भिड़ा 57 साल का बुजुर्ग, दराती से किया वार तो भाग खड़ा हुआ जानवर
तेजम के बांस गांव में 57 वर्षीय आन सिंह सामंत ने अदम्य साहस दिखाते हुए भालू को दराती से खदेड़ दिया। भालू के हमले में घायल आन सिंह को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पिथौरागढ़। जिले से एक हैरान कर देने वाली साहसिक घटना सामने आई है। तेजम तहसील के बांस गांव (रिगुनिया तोक) में मवेशी चराने गए 57 वर्षीय पशुपालक आन सिंह सामंत पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। भालू के इस अचानक हमले के बावजूद आन सिंह ने हिम्मत नहीं हारी और अपने हाथ में मौजूद दराती से भालू का जमकर मुकाबला किया।
घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की है, जब आन सिंह पुत्र दिलीप सिंह रोजाना की तरह अपने मवेशियों को लेकर जंगल गए थे। झाड़ियों में पहले से घात लगाए बैठे भालू ने उन पर झपट्टा मार दिया और उनके बाएं हाथ को अपने जबड़े में जकड़ लिया। भालू के चंगुल में फंसने के बाद भी आन सिंह ने संयम बनाए रखा और दाहिने हाथ में पकड़ी दराती से भालू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इसी दौरान करीब 50 मीटर की दूरी पर मवेशी चरा रहीं उनकी पत्नी गोदावरी देवी ने भी बिना डरे जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। पति के अदम्य साहस, दराती के सटीक वार और पत्नी के शोर-शराबे के आगे भालू घबरा गया और आन सिंह को छोड़कर वापस जंगल की ओर भागने पर मजबूर हो गया। लगभग तीन मिनट तक चले इस संघर्ष में आन सिंह ने अपनी जान बचा ली।
भालू के हमले के कारण आन सिंह के बाएं हाथ, पीठ और चेहरे पर गहरे घाव आए हैं। चीख-पुकार सुनकर कमला सामंत सहित अन्य ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोचर ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर कर दिया है।
