Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

चमोली के स्कूल में घुसा भालू: छात्र को उठाकर ले गया, शिक्षकों ने ऐसे बचाई जान

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के चमोली में स्कूल परिसर के भीतर भालू ने छात्र आरव पर हमला कर उसे झाड़ियों में खींच लिया। शिक्षकों और बच्चों की बहादुरी से बड़ा हादसा टला। पढ़ें पूरी खबर।

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। पोखरी क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर में सोमवार सुबह एक भालू स्कूल परिसर के भीतर घुस आया। भालू ने कक्षा छह के छात्र आरव पर अचानक हमला कर दिया और उसे उठाकर झाड़ियों की ओर ले जाने लगा। इस खौफनाक मंजर को देखकर स्कूल में अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी। भालू के अचानक हमले से बच्चे बुरी तरह डर गए और जान बचाने के लिए कमरों की ओर भागे। इस दौरान आक्रामक भालू ने एक कक्षा का दरवाजा तोड़ने की भी कोशिश की। स्कूल परिसर में चीख-पुकार मचने के बाद शिक्षकों ने स्थिति को संभाला और हिम्मत दिखाई।
छात्र आरव को बचाने के लिए शिक्षकों और अन्य छात्रों ने शोर मचाना शुरू किया और भालू की ओर दौड़े। सभी के एकजुट होकर विरोध करने पर भालू घबरा गया और छात्र को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। आरव के शरीर पर भालू के नाखूनों के गहरे निशान आए हैं, लेकिन समय रहते बचाव होने से उसकी जान बच गई।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे वन्यजीवों के हमलों से स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी रोष है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी इसी स्कूल के एक छात्र पर रास्ते में हमला हुआ था। अब स्कूल के भीतर भालू के पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वन विभाग से मांग की जा रही है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए।
इस घटना के बाद से स्कूल के बच्चों में गहरा डर बैठ गया है। कई बच्चे घटना के बाद रोते-बिलखते नजर आए। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को मामले की सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

Select Language

Advertisement