चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
दिव्यांग बुजुर्ग दंपती को दबंगों ने पानी भरने से रोका: चमोली में एसडीएम का बड़ा एक्शन
चमोली में दिव्यांग दंपती को सार्वजनिक नल से पानी लेने पर पाबंदी लगाने और मारपीट की धमकी देने का मामला सामने आया है। एसडीएम ने तहसीलदार को मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। तहसील के ग्राम आरा निवासी एक 75 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग और उनकी पत्नी ने गांव के ही कुछ दबंगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें गांव के सार्वजनिक नल से पीने का पानी नहीं लेने दिया जा रहा है।
पीड़ित दिव्यांग दल्लू दास और उनकी पत्नी सल्लो देवी सोमवार को न्याय की गुहार लगाने तहसील मुख्यालय पहुंचे। बेबस बुजुर्ग दंपती को कार्यालय की सीढ़ियों पर बैठा देख उप जिलाधिकारी (एसडीएम) प्रेमलाल ने खुद उनके पास जाकर समस्या पूछी। दल्लू दास ने भावुक होते हुए बताया कि गांव के कुछ लोग उन्हें लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
शिकायती पत्र में दंपती ने आरोप लगाया कि दबंग न केवल उन्हें पानी भरने से रोकते हैं, बल्कि विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी भी देते हैं। सार्वजनिक सुविधाओं पर इस तरह की पाबंदी ने बुजुर्ग दंपती का जीवन मुश्किल बना दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल कड़ा रुख अपनाया है।
एसडीएम प्रेमलाल ने नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल को पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी असहाय व्यक्ति का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर गांवों में सामाजिक बहिष्कार और बुजुर्गों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में नायब तहसीलदार गांव पहुंचकर मामले की पड़ताल कर रहे हैं। ग्रामीणों और पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके।
