चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
टिहरी में रिश्तों का कत्ल: भाई, भाभी और मां ने मिलकर युवक पर किया हमला, पीड़ित के दोनों हाथ कटे
नई टिहरी के घनसाली में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप। बड़े भाई, भाभी और मां ने मिलकर छोटे भाई पर किया जानलेवा हमला। पीड़ित का आरोप- साजिशन कटवा दिए गए दोनों हाथ।
नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जनपद अंतर्गत घनसाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के बासर पट्टी स्थित लसियाल गांव में एक युवक के अपनों ने ही उसके साथ ऐसी क्रूरता की, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। घरेलू विवाद के चलते एक युवक पर उसके सगे बड़े भाई, भाभी और मां ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना बीते शनिवार की है, जब मुंबई में काम करने वाला पूरब सिंह अपनी पत्नी और मां के बुलावे पर गांव आया था। पुलिस के अनुसार, घर में हो रहे झगड़े के दौरान जब छोटा भाई अंग्रेज सिंह बीच-बचाव करने पहुंचा, तो तीनों आरोपियों ने उस पर चाकू और गंडासे से हमला बोल दिया। यह हमला इतना भीषण था कि अंग्रेज के दोनों हाथों की हड्डियां बाहर निकल आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पीड़ित अंग्रेज सिंह ने अपनी आपबीती सुनाई है। उसका आरोप है कि हमले के बाद उसे साजिशन अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसके दोनों हाथ कटवा दिए गए। पीड़ित का दावा है कि यह सब उसके परिवार की सोची-समझी साजिश का हिस्सा था ताकि वह भविष्य में किसी काम के लायक न रहे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए घनसाली थाना पुलिस ने मंगलवार को तीनों आरोपियों—पूरब सिंह, अंजलि और जेठी देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अजय सिंह जाटव ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड्स को भी खंगाला जा रहा है।
