Report by : CWN Desk
Published at :
हरिद्वार बाईपास पर भीषण सड़क हादसा: दो की मौत, एक गंभीर घायल

ऋषिकेश। हरिद्वार बाईपास मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रक और ट्राले की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीमेंट से भरे ट्राले में आग लग गई, जिससे ट्राला चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं, ट्रक चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसा रात करीब दो बजे एआरटीओ कार्यालय के सामने हुआ। भिड़ंत के बाद ट्राले ने आग पकड़ ली, जिससे चालक मोहसिन पुत्र मजीद (निवासी शामली, उत्तर प्रदेश) ट्राले में फंस गया और जिंदा जल गया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई और चालक का पूरी तरह जला हुआ शव बाहर निकाला। वहीं, ट्रक के केबिन को काटकर उसमें फंसे चालक विकास पुत्र रामलल्लू और उसके भाई व परिचालक सतीश को बाहर निकाला गया।

ट्रक चालक विकास (निवासी सरदा, बहारी थाना, जिला सिदरी, मध्य प्रदेश) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सतीश की हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाल प्रदीप राणा ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›