Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश में झाड़ियों में मिला नवजात शिशु, मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति ने बचाई जान

ऋषिकेश। बृहस्पतिवार सुबह ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल हॉकी मैदान के पास उस समय सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति को झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। जब वह व्यक्ति झाड़ियों के पास पहुंचा तो देखा कि वहां एक नवजात शिशु पड़ा हुआ है। तत्काल ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची चीता पुलिस टीम ने नवजात को झाड़ियों से निकालकर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया।
एम्स के डॉक्टरों ने बताया कि शिशु का जन्म महज एक से दो घंटे पहले ही हुआ था। सौभाग्य से नवजात पूर्ण रूप से स्वस्थ है और उसे निक्कू वार्ड में भर्ती किया गया है। इस बीच जब पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करनी चाही तो पता चला कि कैमरा खराब है, जिससे बच्चे को वहां फेंकने वाले व्यक्ति और जन्म देने वाली महिला की पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस पूरी गंभीरता से जांच में जुटी है और जल्द ही नवजात को झाड़ियों में फेंकने वाले को गिरफ्तार किया जाएगा। एम्स पीआरओ संदीप कुमार ने पुष्टि की है कि नवजात पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी निगरानी की जा रही है। यह घटना मानवता को झकझोरने वाली है, लेकिन समय पर मिली मदद ने एक मासूम की जान बचा ली।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›