Report by : CWN Desk
Published at :
रुद्रपुर में हाईकोर्ट अधिवक्ता बनकर युवक को प्रेमजाल में फंसा ब्लैकमेल करने वाली महिला गिरफ्तार

रुद्रपुर। एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने खुद को हाईकोर्ट नैनीताल की अधिवक्ता बताकर युवक को प्रेमजाल में फंसा लिया और मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद युवक से 30 लाख रुपये की मांग कर हत्या की धमकी देने पर पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर के वसुंधरा भूरारानी रोड निवासी दीपक कक्कड़ पुत्र ओम प्रकाश कक्कड़ ने 5 जून को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा को शिकायत देकर बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है और बहनों की शादी हो चुकी है। वह परिवार में अकेला है। कुछ माह पूर्व उसने अपनी कृषि भूमि बेची थी। 2 मई को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई और कॉलर ने खुद को अंकिता शर्मा बताते हुए हाईकोर्ट नैनीताल की अधिवक्ता कहा। उसने बताया कि वह अपने क्लाइंट को कॉल करने वाली थी, गलती से उसका नंबर लग गया। इसी बहाने वह उसके साथ व्हाट्सएप चैट करने लगी और धीरे-धीरे उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी का नाटक रचा।

27 मई को पिपलिया मंदिर सकैनिया गदरपुर में युवक से विवाह कर वह उसके घर पर रहने लगी। इसके बाद युवक पर 30 लाख रुपये देने का दबाव बनाने लगी। जब युवक ने पैसे देने से इंकार किया तो उसने 5 जून की शाम हत्या की धमकी दी। युवक ने डरकर पुलिस से संपर्क किया।

जांच में पता चला कि आरोपी महिला हिना रावत पुत्री बलवंत सिंह रावत निवासी भीमनगर खरमासा कुंडेश्वरी थाना काशीपुर की है। उसने खुद को अंकिता शर्मा और निकिता सिंह के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि हिना रावत पहले से विवाहित है और अपने गिरोह के लोगों के साथ मिलकर कई लोगों को प्रेमजाल में फंसा कर दुष्कर्म की झूठी प्राथमिकी दर्ज कर ब्लैकमेल करती रही है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि युवक की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। शुक्रवार देर रात किच्छा रोड स्थित होटल उदय के पास से महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से 50 हजार रुपये और फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपी महिला पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कुल 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›