Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हादसा, महिला की मौत, कई घायल, नीलकंठ मार्ग भी बाधित, दो लोग लापता

देहरादून। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर शिवानंदी के पास एक कार पर अचानक बोल्डर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में 60 वर्षीय नंदा देवी पत्नी गोपाल सिंह, ग्राम तोरती थाना थराली चमोली की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में कार चालक महावीर सिंह निवासी देवाल चमोली, 19 वर्षीय यशोदा निवासी थराली, शम्भूराम निवासी देवाल चमोली और वीरल पटेल निवासी गुजरात शामिल हैं। यह सभी देवाल से देहरादून की ओर जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा। कोतवाली निरीक्षक मनोज नेगी के अनुसार पहाड़ी से गिरे बोल्डर ने वाहन को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

उधर, बुधवार सुबह ऋषिकेश लक्ष्मण झूला के पास गरुड़ चट्टी पुल से आगे नीलकंठ मार्ग पर भी पहाड़ी से चट्टान गिरने से लगभग 30 मीटर सड़क पूरी तरह बाधित हो गई। यहां एक ट्रक के मलबे में दबने या नदी में गिरने की आशंका है। हादसे में दो लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि दो घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। मौके पर जेसीबी से मलबा हटाने का कार्य जारी है। एसडीआरएफ टीम लापता लोगों की तलाश में सर्च अभियान चला रही है। यह जानकारी एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविन्द्र सजवान ने दी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›