Report by : कालू वर्मा
Published at :
अवैध संबंध में बाधा बनने पर आरोपी देवर ने ही भाभी की गला घोटकर की हत्या

ममता सैनी हत्याकांड का खुलासा, मृतका का देवर गिरफ्तार
हरिद्वार। ममता सैनी हत्याकांड का खुलासा करते हुए शहर कोतवाली पुलिस-सीआईयू की टीम ने मृतका के देवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि एक महिला से अवैध संबंध में बाधा बनने पर आरोपी देवर ने गला घोटकर भाभी की हत्या की थी। पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए आरोपी ने लूट के मकसद से हत्या होने की भूमिका बनाई थी। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।
रविवार को मायापुर चौकी कैंपस में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि बीस अक्तूबर को शिवनगर रानीगली में महिला ममता सैनी पत्नी महेश सैनी की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। घर का सामान भी बिखरा हुआ था। मृतका के पुत्र अभय सैनी ने इस संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। प्रारंभिक जांच में हत्याकांड में किसी परिचित के होने के अंदेशा था, लिहाजा उसी बिंदू पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। एसएसपी ने बताया कि मृतका के अविवाहित देवर पेशे से इलेक्ट्रीशियन रामकरण की भूमिका संदिग्ध सामने आने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया।
पूछताछ में गुनाह कबूलते हुए उसने जानकारी दी कि उसके एक महिला से अवैध संबंध चले आते हैं। इस संबंध में जानकारी होने पर भाभी ममता सैनी आए दिन उससे विवाद करती थी। लिहाजा उसने भाभी से छुटकारा पाने की ठान ली थी। घटना के दिन भी उसका रुपये के लेनदेन को लेकर भाभी से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने चुन्नी से गला दबाकर भाभी की हत्या कर दी थी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद वह घर के बाहर कुंडा लगाकर फरार हो गया था। एसएसपी ने बताया कि आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। इस दौरान एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, सीओ सिटी जूही मनराल, कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›