Report by : CWN Desk
Published at :
पीआरडी जवान से ट्रांसफर के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते प्रशासनिक अधिकारी गिरफ्तार

रुदपुर में विजिलेंस टीम ने की कार्यवाई
रुद्रपुर। विकास भवन स्थित पीआरडी कार्यालय के एक प्रशासनिक अधिकारी को रिश्वत लेने के आरोप में विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अफसर ने एक पीआरडी जवान से ट्रांसफर के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी।
विजिलेंस टीम के अनुसार, एक पीआरडी जवान ने ऊधमसिंह नगर के पीआरडी कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी अश्वनी कुमार पुत्र ऋषिवीर सिंह, निवासी ग्राम सिकंदराबाद उझानी, जिला बदायूं (यूपी) और हाल निवासी कलेक्ट्रेट कॉलोनी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया था। आरोप है कि पीआरडी जवान से ड्यूटी पर लगवाने के लिए भी 10 हजार रुपये लिए गए थे। अक्तूबर माह में पीआरडी जवान को जिला आबकारी कार्यालय में ड्यूटी दे दी गई थी। इस बीच, पीआरडी जवान ने घरेलू समस्या का हवाला देते हुए प्रशासनिक अधिकारी से उसका ट्रांसफर गदरपुर क्षेत्र में करने का निवेदन किया। इस पर उससे ट्रांसफर के लिए फिर 10 हजार रुपये की डिमांड की गई। इसकी शिकायत उसने हल्द्वानी विजिलेंस से की। जांच में आरोप सही पाए गए। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे विजिलेंस टीम ने पीआरडी जवान से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए प्रशासनिक अधिकारी अश्वनी कुमार को उनके कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›