Connect with us

देहरादून

अंकिता भंडारी केस: ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर देहरादून से गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

अंकिता भंडारी मामले में कथित ऑडियो-वीडियो वायरल होने पर भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने दर्ज कराया था मुकदमा। पुलिस ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर को किया गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति और कानून व्यवस्था से जुड़ी इस वक्त की एक बड़ी खबर राजधानी देहरादून से सामने आ रही है। डालनवाला कोतवाली पुलिस ने ज्वालापुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक कथित ऑडियो और वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में की गई है।
यह पूरा मामला भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज हुआ था। दुष्यंत गौतम ने आरोप लगाया था कि इंटरनेट मीडिया पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के कुछ भड़काऊ ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। इन कड़ियों में जानबूझकर उनका और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं का नाम लेकर छवि धूमिल करने की सोची-समझी साजिश रची गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, यह पूरी कवायद पूरी तरह से राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। इसका मुख्य उद्देश्य जनता को गुमराह करना और शांत प्रदेश के सौहार्दपूर्ण माहौल को अशांत करना है। तहरीर में यह भी कहा गया कि उक्त भड़काऊ ऑडियो-वीडियो में बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इससे न केवल नेताओं को मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी, बल्कि पार्टी की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है।
इस कथित राजनीतिक साजिश के पीछे कांग्रेस पार्टी, आम आदमी पार्टी और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) से जुड़े कुछ नेताओं के शामिल होने की आशंका भी जताई गई है। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर प्रदेश और पड़ोसी राज्यों में तनाव, उपद्रव और दंगे जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार साक्ष्य जुटा रही थी।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र डोबाल ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की है। एसएसपी ने बताया कि डालनवाला कोतवाली में दर्ज मुकदमे के आधार पर यह कानूनी कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि आरोपी पूर्व विधायक के खिलाफ डालनवाला के अलावा अन्य थानों में भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement