Connect with us

देहरादून

देहरादून मर्डर न्यूज़: भुड्डी गांव में युवा एडवोकेट सोहेल की गोली मारकर हत्या

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के शिमला बाइपास रोड स्थित भुड्डी गांव में बदमाशों ने 25 वर्षीय एडवोकेट सोहेल की घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों ने सड़क पर शव रख लगाया जाम।

देहरादून। बेखौफ बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। शिमला बाइपास रोड स्थित भुड्डी गांव में रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवा अधिवक्ता (एडवोकेट) की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
यह दुस्साहसिक वारदात रविवार रात करीब 10:50 बजे की है। भुड्डी गांव निवासी 25 वर्षीय अधिवक्ता सोहेल अपने घर पर मौजूद थे। तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें बातचीत करने के बहाने घर से बाहर बुलाया। सोहेल जैसे ही घर के मुख्य दरवाजे पर पहुंचे, बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं। गोली लगने से सोहेल मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
गोलीबारी की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर अंकित कंडारी और पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों ने शव को मुख्य मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया।
तनावपूर्ण माहौल के बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम को घटनास्थल (घर) का मुआयना करने से भी रोक दिया। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए परिजनों को समझाने और जाम खुलवाने का काफी प्रयास किया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मृतक सोहेल के माता-पिता इन दिनों हज यात्रा पर गए हुए हैं। घर पर सोहेल के अलावा उनकी एक शादीशुदा बड़ी बहन और एक छोटा भाई है।
युवा अधिवक्ता की हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Select Language

Advertisement