Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश में गोवा बीच पर नहाते समय पंजाब का युवक गंगा में बहा, अर्जुन अवार्डी दीपक हुड्डा की हरिद्वार में बची जान

ऋषिकेश/हरिद्वार। ऋषिकेश स्थित गोवा बीच पर बुधवार को नहाते समय पंजाब का 19 वर्षीय युवक गंगा में बह गया। फाजिल्का निवासी रणवीर पुत्र राजवीर अपने चार दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था और नीलकंठ जाते समय वे सभी गोवा बीच पर नहाने लगे। इस दौरान रणवीर गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर लहरों में ओझल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसडीआरएफ और डीप डाइवर टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग पाया था। अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
इधर हरिद्वार में भी एक बड़ा हादसा टल गया। राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और अर्जुन अवार्डी दीपक हुड्डा कांवड़ लेने हरिद्वार आए थे। हरकी पैड़ी के पास स्नान के दौरान वे तेज बहाव में बहने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद पीएसी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उनकी जान बचा ली। दोनों घटनाओं से प्रशासन ने फिर चेतावनी दी है कि गंगा में सावधानी से उतरें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›