Report by : CWN Desk
Published at :
कोसी नदी में बहने से सेना के नायब सूबेदार की मौत, मासूम बेटे के सामने हादसा

नैनीताल के पास कोसी नदी में नहाने उतरे सेना के नायब सूबेदार पृथ्वी पाल सिंह रावत की बहने से मौत। SDRF ने 3 किमी दूर से बरामद किया शव। पढ़ें पूरी खबर।

नैनीताल। जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है। बेतालघाट क्षेत्र में कोसी नदी में नहाने उतरे भारतीय सेना के नायब सूबेदार का अचानक पैर फिसल गया और वे नदी के तेज बहाव में बह गए। इस दौरान तट पर खड़ा उनका 6 साल का मासूम बेटा बेबस होकर पिता को आंखों के सामने बहते देखता रह गया।
मृतक की पहचान अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट निवासी 38 वर्षीय पृथ्वी पाल सिंह रावत के रूप में हुई है। वर्तमान में हल्द्वानी में रहने वाले पृथ्वी पाल भारतीय सेना के एजुकेशन कोर में भटिंडा (पंजाब) में बतौर नायब सूबेदार तैनात थे। वे अपनी छुट्टियों के दौरान पैतृक गांव आए थे और शुक्रवार दोपहर रानीखेत से वापस हल्द्वानी की ओर लौट रहे थे।
बेतालघाट के शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग पर धारी-उडियार के पास वे कोसी नदी में नहाने के लिए रुके थे। नहाते समय अचानक पैर फिसलने से वे गहरे पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। उनके साथियों धन सिंह, नरेंद्र सिंह और राजेंद्र सिंह ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन पानी का वेग अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
हादसे की सूचना मिलते ही बेतालघाट थाना पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर घटना स्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर पत्थरों के बीच फंसा हुआ शव बरामद किया। पुलिस ने शव को गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›