Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल में बारिश का रेड अलर्ट: 26 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी बंद, आदेश जारी

उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी के बीच नैनीताल जिले में 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। डीएम ललित मोहन रयाल ने दिए आदेश।

नैनीताल। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर अपना मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 25 सितंबर की रात से 27 सितंबर तक पूरे राज्य में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। खासतौर पर 26 सितंबर को नैनीताल जिले के लिए मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

नैनीताल में बारिश का रेड अलर्ट: 26 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी बंद, आदेश जारी


मौसम की गंभीर स्थिति और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है। नैनीताल के जिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने 26 सितंबर को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित की है। इस आदेश के तहत कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। साथ ही जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिवसीय अवकाश रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह छुट्टी केवल छात्रों के लिए ही नहीं बल्कि शिक्षकों के लिए भी लागू होगी। आदेश के अनुसार विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश रहेगा। हालांकि, नैनीताल शहर के आवासीय शैक्षणिक संस्थानों (Boarding Schools) में यह व्यवस्था लागू नहीं होगी। वहां विद्यार्थियों की सुरक्षा और आवास व्यवस्था को देखते हुए पढ़ाई पूर्ववत संचालित रहेगी।
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के तीव्र दौर के कारण भूस्खलन और चट्टानों के गिरने का बड़ा खतरा बना रहता है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से भी सावधान रहने की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›