Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर में दुबई से लौटे इनामी शार्प शूटर की गिरफ्तारी: छोटे लाल हत्याकांड और पुलिस पर फायरिंग का आरोपी

रामनगर। STF और रामनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर 10 हजार के इनामी और पंजाब के कुख्यात गैंग से जुड़े शार्प शूटर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया है। गुरप्रीत को पंजाब समेत चार न्यायालयों द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। उस पर वर्ष 2016 में रुद्रपुर के चर्चित छोटे लाल ग्राम प्रधान हत्याकांड और 2017 में पीरूमदारा पुलिस पर फायरिंग करने का भी आरोप है।

कोतवाल अरुण कुमार सैनी और STF कुमाऊं निरीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि आरोपी को हल्दुआ बैरियर पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से मनतारापुर थाना हस्तिनापुर, मेरठ का निवासी है और रामनगर किसी रिश्तेदार से मिलने आया था। पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी।

जांच में सामने आया कि गुरप्रीत 2021 में पासपोर्ट पर दुबई गया था, फिर वहां से सर्बिया और रोमानिया का बॉर्डर पैदल पार कर इटली में तीन साल तक छिपकर रहा। भारत लौटने के बाद वह मेरठ में अवैध हथियार बनवाकर पंजाब के अन्य शूटरों को सप्लाई करता था।

उस पर हत्या, जानलेवा हमला, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 6 गंभीर मुकदमे रुद्रपुर, रामनगर, मोहाली और अमृतसर में दर्ज हैं। पुलिस को शक है कि गुरप्रीत किसी अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ हो सकता है। गिरफ्तारी से STF को एक बड़ी कामयाबी मिली है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›