Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में दोस्तों के साथ अलाव ताप रहे युवक को गोली लगी, खून निकलने पर हुआ अहसास

हल्द्वानी। दोस्तों के साथ बैठकर आग सेक रहे एक ई-रिक्शा चालक युवक को किसी ने गोली मार दी। खून निकलने पर युवक को गोली लगने का पता चला। आनन-फानन में उसे एसटीएच में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर शरीर में फंसी गोली को निकाल दिया है। पुलिस गोली चलाने वालों का पता लगाने में जुटी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के जीतपुर नेगी निवासी राजू 15 दिन पहले ही दिल्ली से घर लौटा था। यहां वह ई-रिक्शा चलाने लगा। बुधवार की रात 11 बजे राजू चाऊमीन के ठेले के पास अपने तीन-चार दोस्तों के साथ बैठकर आग सेक रहा था। अचानक उसे कमर के पास किसी तरह की तेज चुभन का अहसास हुआ साथ ही एक आवाज भी सुनाई दी। कुछ ही सेकेंड में जब राजू ने चुभन वाली जगह पर हाथ लगाया तो खून निकल रहा था। उसके दोस्तों ने परिजनों को सूचना दी और उसे लेकर एसटीएच पहुंचे। कोतवाली पुलिस के मुताबिक गोली राजू के शरीर में ज्यादा अंदर तक नहीं पहुंची थी। ऊपरी मांस में ही फंसकर रह गई थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर निकाली।
कोतवाली उमेश कुमार मालिक ने बताया कि घटना स्थल और घाव को देखने के बाद ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी व्यक्ति के हवाई फायर के दौरान घटना हुई है। इसके बाबजूद घायल ने ससुराल वालों पर शक जाहिर किया है, उसकी भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है।
एसटीएच में भर्ती राजू ने बताया कि चार साल से वह गाजियाबाद में पत्नी और डेढ़ साल की बेटी के साथ ससुराल वालों के साथ ही रह रहा था। कुछ दिन पहले ससुराल वालों से झगड़ा होने के बाद वह डेढ़ साल की बेटी के साथ हल्द्वानी आ गया। राजू के मुताबिक उसके ससुराल वालों का घर भी जीतपुर नेगी में ही है। कहा कि ससुराल वालों के अलावा उसकी किसी की दुश्मनी नहीं है। राजू ने ससुराल वालों पर ही शक जताया है। राजू के मुताबिक जब उसे गोली लगी तब वह अपने दोस्त राकेश मौर्य और कुनाल के साथ बैठा था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›