हल्द्वानी
हल्द्वानी में दुस्साहस: गोरापड़ाव में नकली SOG बदमाशों ने ऑफिस से लूटे 8 लाख और जेवर
हल्द्वानी के गोरापड़ाव में खुद को SOG बताकर बदमाशों ने कमर्शियल ऑफिस में 8 लाख रुपये, जेवर और 12 मोबाइल लूटे। पुलिस ने जांच में जुटाई 4 टीमें।
हल्द्वानी। शहर में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस महकमे को एक बार फिर खुली चुनौती दी है। कोतवाली क्षेत्र के गोरापड़ाव स्थित एक कमर्शियल ऑफिस में बुधवार देर रात कार से आए 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने खुद को पुलिस की SOG टीम बताकर वहां मौजूद लोगों पर तमंचे तान दिए और पूरे दफ्तर को बंधक बना लिया।
हथियारों के बल पर खौफ पैदा करने के बाद बदमाशों ने ऑफिस में रखे करीब 8 लाख रुपये की नकदी कब्जे में ले ली। इसके अलावा वहां मौजूद कर्मचारियों से दो सोने की चेन, अंगूठियां और 12 मोबाइल फोन भी छीन लिए। वारदात को अंजाम देने का मकसद साफ था कि लोग तत्काल पुलिस या परिजनों को सूचना न दे सकें। लूटपाट के बाद सभी बदमाश कार में सवार होकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बदमाशों की तलाश में चार विशेष टीमें गठित कर दी हैं। इसके साथ ही साइबर और सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध वाहन और बदमाशों के भागने के रूट का सुराग लगा रही है।
शहर में सरेआम हुई इस दुस्साहसिक लूटकांड ने स्थानीय पुलिस के गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है। पुलिस के नाम का गलत इस्तेमाल कर अंजाम दी गई इस वारदात से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। अब देखना यह होगा कि नैनीताल पुलिस इन बेखौफ बदमाशों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।
