Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में पूर्व की भांति ही संचालित होंगे ऑटो और ई-रिक्शा

हाईकोर्ट की ओर से गठित कमेटी के निर्णय के बाद पुलिस प्रशासन का प्लान किया लागू
हल्द्वानी। ऑटो और ई-रिक्शा के लिए पुलिस प्रशासन का प्लान लागू नहीं होगा। ऑटो, ई-रिक्शा पूर्व की भांति ही संचालित होंगे। यह निर्णय हाईकोर्ट की ओर से गठित कमेटी ने लिया है।
शहर वासियों को जाम की समस्या से निजात मिल सके इसके लिए पुलिस प्रशासन ने बीते दिनों वाहनों के संचालन में कई बदलाव किए थे। पुलिस ने सरगम सिनेमा से ऑटो स्टैंड हटाकर एचएन इंटर कॉलेज और जेल रोड के पास बनाया था। इसके अलावा वर्कशॉप लाइन में बनाए स्टैंड को हटाकर नई व्यवस्था लागू की गई थी। साथ ही ऑटो चालकों के लिए मंगलपड़ाव से ओके होटल और सिंधी तिराहे से हिन्दू धर्मशाला तक जीरो जोन बनाया गया था।
पुलिस की सख्ती से यातायात व्यवस्था में तो सुधार हुआ, लेकिन ऑटो चालकों को यह नियम रास नहीं आया। इससे आए दिन विवाद की स्थिति पैदा होने लगी। समस्या को लेकर ऑटो चालकों ने डीएम से गुहार लगाई। इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश पर गठित टीम की बैठक हुई। शनिवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व की भांति ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन होगा। एसडीएम मनीष कुमार ने बताया कि बैठक में ऑटो चालकों की दिक्कतों और आम लोगों की समस्याओं पर चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›