हरिद्वार
हरिद्वार में गांधी-शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम, महापुरुषों के सीख अपनाने की अपील
हरिद्वार के शहीद जगदीश वत्स पार्क में गांधी और शास्त्री जयंती मनाई गई। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति ने उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।
हरिद्वार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित शहीद जगदीश वत्स पार्क में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित नागरिकों ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि केवल जयंतियों पर फूल चढ़ाना काफी नहीं है, बल्कि महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए गांधीजी के सत्य और अहिंसा के विचारों को अपनाना होगा। तभी स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बन पाएगा।
कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष देशबंधु ने समाज में स्वच्छता, सादगी और मितव्ययिता अपनाने पर बल दिया। वहीं साहित्यकार अरुण कुमार पाठक ने स्वतंत्रता सेनानियों की यादों को सहेजने के लिए स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर संग्रहालय स्थापित करने की मांग रखी। वक्ताओं ने युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम की वीरगाथाओं से अवगत कराने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर हरित ऋषि विजयपाल सिंह बघेल और दैशिक शास्त्र विशेषज्ञ सुरेश चंद्र सुयाल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने देश में सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
