देहरादून
उत्तराखंड के न्यूज पोर्टलों को मिलेंगे सम्मानजनक विज्ञापन
उत्तराखंड सरकार सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों को जल्द सम्मानजनक राशि के विज्ञापन जारी करेगी। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की मांग पर सूचना विभाग ने यह फैसला लिया।
देहरादून। उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया और समाचार पोर्टलों से जुड़े पत्रकारों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सूचना विभाग ने सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों को जल्द ही सम्मानजनक राशि के विज्ञापन जारी करने की तैयारी पूरी कर ली है। सूचना विभाग अगले एक-दो दिनों में सभी अर्ह न्यूज पोर्टलों के लिए रिलीज ऑर्डर (आरओ) जारी कर देगा।
उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने इस फैसले पर खुशी जताई है। उन्होंने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी का आभार व्यक्त किया। शर्मा ने कहा कि डिजिटल मीडिया आज सरकारी योजनाओं और जनहित के मुद्दों को जनता तक तुरंत पहुंचा रहा है। ऐसे में इन संस्थानों का आर्थिक रूप से मजबूत होना बेहद जरूरी है।
यूनियन ने विभाग के समक्ष पत्रकारों की आर्थिक और तकनीकी चुनौतियों को प्रमुखता से रखा था। सर्वर कॉस्ट, डोमेन मेंटेनेंस और समाचार संकलन के बढ़ते खर्चों के कारण वर्तमान विज्ञापन दरें काफी कम थीं। नए फैसले से राज्य भर के दर्जनों वेब पोर्टलों को अपने संचालन में बड़ी आर्थिक मदद मिलेगी।
इसके साथ ही श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने सरकार से दो मुख्य मांगें भी उठाई हैं। पहली मांग यह है कि पोर्टल को सिर्फ विशेष मौकों के बजाय पूरे साल नियमित विज्ञापन दिए जाएं। दूसरी मांग में प्रिंट और टीवी मीडिया की तरह डिजिटल मीडिया के लिए भी एक स्पष्ट और पारदर्शी नियमावली बनाने का आग्रह किया गया है।
