देहरादून
कचहरी शहीद स्थल पर CM धामी ने आंदोलनकारी शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
देहरादून कचहरी परिसर में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलनकारी शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके संघर्ष व बलिदान को नमन किया।
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राजधानी देहरादून स्थित कचहरी परिसर के शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अतुलनीय त्याग और संघर्ष को नमन किया। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री खजान दास भी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अमर शहीदों के कठिन संघर्ष, त्याग और बलिदान के बदौलत ही पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हो सका है। राज्य निर्माण की नींव में हमारे वीरों का सर्वोच्च बलिदान शामिल है, जिसे प्रदेशवासी सदैव आदर और कृतज्ञता के साथ याद रखेंगे।
सीएम धामी ने दोहराया कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों तथा शहीद परिवारों के मान-सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शहीदों की सोच के अनुरूप ही राज्य का चहुंमुखी विकास किया जा रहा है। एक समृद्ध, सशक्त, आत्मनिर्भर और अग्रणी उत्तराखंड का निर्माण करना ही हमारे अमर बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने और प्रदेश की सांस्कृतिक व सामाजिक विरासत को सहेजने का संकल्प लिया। सरकार की ओर से आंदोलनकारियों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी इस दौरान समीक्षा की गई।
