देहरादून
CM धामी ने गांधी-शास्त्री जयंती पर मुख्यमंत्री आवास में दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सादगी, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
देहरादून। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में एक सादे समारोह का आयोजन किया गया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महात्मा गांधी के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनके सत्य, अहिंसा और मानवता के सिद्धांत आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के दिखाए रास्ते पर चलकर ही समाज में शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया जा सकता है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए सीएम धामी ने कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए एक महान आदर्श है। शास्त्री जी का ऐतिहासिक ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देश के जवानों और किसानों के अद्वितीय योगदान को रेखांकित करता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि इन महान राष्ट्रनायकों की सीख को केवल स्मरण तक सीमित न रखकर अपने व्यावहारिक जीवन में धारण करें। उन्होंने कहा कि दोनों विभूतियों के बताए रास्ते पर चलकर एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
