Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी हिंसा का मास्टरमांइड मलिक दिल्ली से गिरफ्तार, 60 लोग पुलिस ने हिरासत में लिए

हिंसा मामले में पांच और आरोपी गिरफ्तार, बनभूलपुरा बवाल के बाद लगे कर्फ्यू में एक सप्ताह के बाद ढील
हल्द्वानी। बनभूलपुरा उपद्रव के मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक व उसके बेटे अब्दुल मोइद के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। इस मामले में पांच और आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं बनभूलपुरा बवाल के बाद लगे कर्फ्यू में एक सप्ताह के बाद ढील दे दी गई है।
बनभूलपुरा के आसपास के क्षेत्र में सात घंटे की ढील है, जबकि मुख्य संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को केवल सुबह दो घंटे (नौ से 11 बजे) की ढील दी गई। कर्फ्यू वाले क्षेत्रों से परीक्षार्थी प्रवेश पत्र के साथ परीक्षा देने जा सकेंगे। इंटरनेट सेवाएं बंद हैं। अब तक इस मामले में 42 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बवाल के मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक समेत नौ के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी हो गया है। मलिक की तलाश के लिए एसओजी समेत पांच टीमों को लगाया गया है।
अब्दुल मलिक समेत नौ आरोपितों के घरों को कुर्की की तैयारी है। बवाल की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू हो गई है। कुमाऊं के मंडलायुक्त को 15 दिन के भीतर रिपोर्ट शासन को देनी है।
बनभूलपुरा में आठ फरवरी की शाम सरकारी जमीन (नजूल) पर बने मदरसा व नमाज स्थल को तोड़ने पहुंची प्रशासन व पुलिस की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला करने के साथ ही थाना भी फूंक दिया था। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि अब्दुल मलिक व उसके बेटे अब्दुल मोइद के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए लुक आउट नोटिस जारी किया गया है।
ये पांच आरोपित हुए गिरफ्तार
• लाइन नंबर आठ बिलाली मस्जिद निवासी मोहम्मद इस्तकार उर्फ जब्बा।
• लाइन नंबर 12 न्यू ऐरा स्कूल के पास निवासी शरीफ उर्फ पाचा।
• किदवई नंबर बनभूलपुरा निवासी आदी खान।
• सफदर का बगीचा बनभूलपुरा निवासी मोहम्मद आसिफ।
• वारसी कालोनी जवाहरनगर बनभूलपुरा निवासी हुकुम रजा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›