हरिद्वार
बांग्लादेशी महिला को भारत खींच लाया पति का हमशक्ल, हरिद्वार में ‘ऑपरेशन प्रहार’ में खुली पोल
हरिद्वार में पुलिस ने सहेला बेगम नामक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। वह पति के हमशक्ल के प्यार में भारत आई और फर्जी दस्तावेजों के साथ अवैध रूप से रह रही थी।
हरिद्वार। कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन कभी-कभी यह इंसान को सलाखों के पीछे भी पहुँचा देता है। उत्तराखंड के हरिद्वार में एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक बांग्लादेशी महिला अपने पहले पति के हमशक्ल के प्यार में पड़कर भारत आई और वीजा खत्म होने के बाद अवैध रूप से रहने लगी। बुधवार को ज्वालापुर क्षेत्र में पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के दौरान इस पूरे राज का पर्दाफाश हुआ।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार महिला का असली नाम सहेला बेगम है। सहेला मूल रूप से बांग्लादेश के कुमार सदर की रहने वाली है। उसका अपने पहले पति से विवाद चल रहा था, इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसकी मुलाकात छत्तीसगढ़ निवासी श्यामदास से हुई। दिलचस्प बात यह है कि श्यामदास की शक्ल काफी हद तक सहेला के पहले पति से मिलती है, जिसने उसे भारत आने के लिए प्रेरित किया।
सहेला बेगम 20 मार्च 2023 को 90 दिन के वैध वीजा पर भारत आई थी। वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद वह वापस बांग्लादेश नहीं लौटी। वह पहले दिल्ली में रुकी और फिर हरिद्वार आकर श्यामदास के साथ रहने लगी। यहाँ उसने अपना नाम बदलकर ‘स्वीटी’ रख लिया और फर्जी दस्तावेज व भारतीय पहचान पत्र भी बनवा लिए। पुलिस को उसके पास से बांग्लादेशी नागरिकता के तमाम पुख्ता दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
ज्वालापुर के वैष्णवी एन्क्लेव के पास जब पुलिस टीम सघन चेकिंग कर रही थी, तब सहेला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। कड़ी पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अवैध रूप से यहाँ रह रही है। पुलिस ने महिला के खिलाफ विदेशी अधिनियम और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सहेला के पहले पति और उसके वर्तमान भारतीय पति की शक्ल में समानता देखकर स्वयं पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए।
