Connect with us

नैनीताल

रामनगर में बड़ा हादसा: गिरिजा मंदिर के पास कोसी नदी में डूबी युवती, ममेरी बहन को बचाया

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उप्र. के ठाकुरद्वारा से गिरिजा देवी मंदिर आई 24 वर्षीय निशु की कोसी नदी में डूबने से मौत। भागवत कथा का जल विसर्जित करने आया था परिवार।

रामनगर। स्थित प्रसिद्ध गिरिजा देवी मंदिर के समीप एक बड़ा और बेहद दुखद हादसा सामने आया है। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा से अपने परिवार के साथ मंदिर आई एक 24 वर्षीय युवती की कोसी नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से मंदिर परिसर और पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। पिछले एक सप्ताह के भीतर रामनगर की नदियों में डूबने की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिसमें अब तक तीन लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठाकुरद्वारा के नई बस्ती गांव में शुक्रवार को श्रीमद्भागवत कथा संपन्न हुई थी। इसके बाद ग्रामीण और पीड़ित परिवार के सदस्य तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर रविवार को भागवत कथा की सामग्री और जल विसर्जित करने गिरिजा देवी मंदिर आए थे। शाम करीब चार बजे जल विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी लोग मंदिर से कुछ दूरी पर नीचे की तरफ कोसी नदी में नहाने चले गए।

यह भी पढ़ें 👉  पहाड़पानी टीम ने जीता फाइनल मैच


नदी में नहाने के दौरान 24 वर्षीय निशु अपनी मां कला देवी, पिता होराम और अपनी ममेरी बहन बरसा के साथ पानी में थोड़ा आगे चली गई। पानी की गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण दोनों बहनें अचानक गहरे पानी में समाने लगीं और डूबने लगीं। घाट पर मौजूद परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह ममेरी बहन बरसा का हाथ खींचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन दुर्भाग्यवश निशु का हाथ छूट गया और वह तेज धारा में बहकर गहरे पानी में डूब गई।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद करीब 15 मिनट बाद निशु को नदी से बाहर निकाला। परिजन उसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रशासन ने एक बार फिर स्थानीय लोगों और पर्यटकों से नदी के गहरे और खतरनाक क्षेत्रों में न जाने की सख्त अपील की है।

Select Language

Advertisement