Connect with us

उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर में SSP की बड़ी कार्रवाई, लापरवाही पर दो पुलिस अफसर लाइन हाजिर

Published

on

खबर शेयर करें 👉

ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही बरतने पर आईटीआई कोतवाली प्रभारी और पैगा चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में पुलिस महकमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान लापरवाही और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर एसएसपी ने एक साथ दो बड़े अधिकारियों पर गाज गिराई है। इस कड़ी कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि आईटीआई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ कोतवाली में दर्ज मामलों की विवेचनाओं की सही ढंग से निगरानी नहीं कर रहे थे। इसके साथ ही पीड़ितों की शिकायतों को सुनने और उनके निस्तारण में अनावश्यक देरी की जा रही थी। उच्चाधिकारियों के बार-बार निर्देश देने के बावजूद जांच कार्यों में शिथिलता बरती गई। इसे कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए एसएसपी अजय गणपति ने प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
एसएसपी की इस बड़ी कार्रवाई की जद में पैगा चौकी प्रभारी भी आए हैं। पैगा चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह के स्तर पर भी पीड़ितों की शिकायतों के निपटारे में देरी और काम में ढिलाई बरतने की बात सामने आई थी। आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता न दिखाने के कारण एसएसपी ने उन्हें भी तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया। पुलिस कप्तान की इस सख्ती से यह साफ हो गया है कि जनता के कार्यों में ढिलाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि जनपद में पुलिस कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने वालों पर आगे भी ऐसी ही कार्रवाई होगी। उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

Select Language

Advertisement