Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार मांसा देवी मार्ग पर फिर मंडराया बड़ा खतरा, टूट कर गिरे बिजली के खंभे

हरिद्वार मांसा देवी सीढ़ी मार्ग पर बिजली के खंभे गिरने से श्रद्धालुओं की जान पर मंडराया बड़ा खतरा। बिजली विभाग की लापरवाही से कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा।

हरिद्वार। धार्मिक नगरी हरिद्वार के प्रसिद्ध मांसा देवी सीढ़ी मार्ग पर एक बार फिर बड़ा हादसा होने का खतरा मंडरा रहा है। करीब 20 से 25 दिन पहले पैदल मार्ग पर बिजली के दो खंभे अचानक गिर गए थे। उस समय बिजली विभाग ने जल्दबाजी में केवल काम चलाऊ अस्थायी व्यवस्था की थी। विभाग की इस लापरवाही के कारण अब दोबारा वही जानलेवा स्थिति पैदा हो गई है।
वर्तमान में पैदल मार्ग पर लटके खंभे और ढीली पड़ी बिजली की लाइनें राहगीरों के लिए मुसीबत बन चुकी हैं। यह खतरनाक स्थिति किसी भी समय किसी बड़े हादसे को खुला न्योता देती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार विभाग ने समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया है। इस कारण हवा चलने या बारिश होने पर तारों के टूटने का डर बना रहता है।
मांसा देवी मंदिर के इस पैदल मार्ग से प्रतिदिन देश-विदेश के हजारों श्रद्धालु आवाजाही करते हैं। संकरे और पहाड़ी रास्ते पर इस तरह बिजली के तारों का झूलना भक्तों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रशासन को इस गंभीर लापरवाही का तुरंत संज्ञान लेना चाहिए, ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके।
स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों ने ऊर्जा निगम से मांग की है कि यहां तत्काल नए मजबूत खंभे लगाए जाएं। इसके साथ ही पूरी बिजली लाइन को व्यवस्थित कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। नियमों के मुताबिक सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसी तकनीकी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाना कानूनी रूप से आवश्यक है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›