Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में बड़ा फ्रॉड: आभूषण बनाने के नाम पर लाखों का सोना लेकर सुनार फरार

हल्द्वानी में सुनार नीरज ने दर्जनों लोगों से लाखों रुपये और सोना ठगा। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने एसओजी और मुखानी पुलिस को जालसाज की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक स्थानीय सुनार ने दर्जनों लोगों को आभूषण बनाने के नाम पर लाखों रुपये और सोने-चांदी का चूना लगाया है। पीड़ित परिवारों ने आज भारी संख्या में एसएसपी कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
शिकायत के अनुसार, हल्दूचौड़ निवासी सुनार नरेंद्र उर्फ नीरज ने कई ग्राहकों से गहने बनाने और चमकाने के नाम पर नकदी और कच्चा सोना लिया था। गुजरौड़ा निवासी पुष्पा कन्याल ने बताया कि उन्होंने 1.85 लाख रुपये देकर 20 ग्राम सोने का ऑर्डर दिया था। उन्हें 8 फरवरी को आभूषण मिलने थे, लेकिन आरोपी 6 फरवरी को ही दुकान और मोबाइल बंद कर फरार हो गया।
हल्द्वानी के एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. के कार्यालय पहुँचे पीड़ितों ने आरोप लगाया कि नीरज ने किसी से 20 ग्राम तो किसी से 26 ग्राम सोना हड़पा है। जब लोग उसके घर पहुँचे, तो उसकी पत्नी ने सामान वापस करने से साफ इनकार कर दिया। इस सामूहिक धोखाधड़ी के बाद इलाके के व्यापारियों और आम जनता में काफी आक्रोश व्याप्त है।
एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक्शन लिया है। उन्होंने एसओ मुखानी सुशील जोशी और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम को आरोपी सुनार की धरपकड़ के लिए तैनात किया है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही इस बड़े घोटाले का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।
यह घटना उन लोगों के लिए एक सबक है जो बिना किसी पक्की रसीद या भरोसे के कीमती धातुएं सौंप देते हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि लेनदेन के दौरान सतर्क रहें। फिलहाल, पुलिस आरोपी सुनार के बैंक खातों और कॉल डिटेल्स की गहनता से जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›