देहरादून
सहसपुर में वृद्धावस्था पेंशन में बड़ा फर्जीवाड़ा: आधार में उम्र बढ़ाकर डकारा सरकारी पैसा, 17 पर FIR
विकासनगर के खुशहालपुर में वृद्धावस्था पेंशन योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा। आधार कार्ड में उम्र बदलकर लाभ लेने वाले 17 लोगों पर मुकदमा दर्ज। जानें क्या है पूरा मामला।
देहरादून: देहरादून जनपद के सहसपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम खुशहालपुर में सरकारी योजना के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ 17 लोगों ने अपने आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलकर खुद को बुजुर्ग दिखाया और वर्षों तक वृद्धावस्था पेंशन का लाभ लेते रहे। समाज कल्याण विभाग की शिकायत पर पुलिस ने इन सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस पूरे घोटाले का खुलासा असलम अली नामक व्यक्ति की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने निदेशक समाज कल्याण को पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि गांव के कई लोग अपात्र होने के बावजूद गलत तरीके से पेंशन ले रहे हैं। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर जब अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी और सहायक समाज कल्याण अधिकारी ने संयुक्त जांच की, तो तथ्यों ने सबको चौंका दिया।
जांच में पाया गया कि आवेदन के समय इन 17 लोगों की वास्तविक उम्र 60 वर्ष से काफी कम थी। पात्रता हासिल करने के लिए इन्होंने आधार कार्ड में हेराफेरी कर उम्र बढ़वा ली थी। इस फर्जीवाड़े के जरिए सरकारी खजाने को भारी चपत लगाई गई। जिलाधिकारी ने इसे सीधे तौर पर धोखाधड़ी मानते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद सहसपुर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई।
सूत्रों के मुताबिक, यह फर्जीवाड़ा केवल खुशहालपुर तक सीमित नहीं है। आशंका है कि अन्य गांवों में भी इसी तरह आधार कार्ड के जरिए उम्र बढ़ाकर पेंशन ली जा रही है। समाज कल्याण विभाग अब पूरे ब्लॉक में व्यापक जांच अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। कोतवाल प्रदीप रावत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा:
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुस्तफा, साबरी, जमील, नूर जहां, वरीश, इकरार कुरैसी, नसरीन, शाहजहां, असलम, हुस्न बानो, अनीस, परवीन, खातून, नूर हसन, रशीदा, नूरजहां और शहीना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
