Connect with us

नई दिल्ली

अरबपति उद्योगपति जेरेड इसाकमैन अपनी टीम के साथ अंतरिक्ष से पृथ्वी पर सकुशल लौटे

Published

on

खबर शेयर करें 👉

अरबपति उद्योगपति और अंतरिक्ष यात्री जेरेड इसाकमैन अपने दल के साथ पृथ्वी पर सकुशल लौट आए हैं। रविवार तड़के फ्लोरिडा के ड्राई टोर्टुगास तट पर लैंडिंग के साथ ही उनकी पांच दिवसीय यात्रा समाप्त हो गई।
इसी के साथ वह चंद्र यात्रियों के बाद सबसे अधिक ऊंचाई पर घूमने वाले अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं। उन्होंने पृथ्वी से लगभग 740 किमी ऊपर पहला निजी स्पेसवॉक किया। यह ऊंचाई अंतराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन और हबल स्पेस टेलीस्कोप से कहीं अधिक है। एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के फॉल्कन-9 रॉकेट से मिशन मंगलवार को लॉन्च किया गया था।  
इस मिशन में जेरेड इसाकमैन, पायलट किड पोटेट, मिशन विशेषज्ञ सारा गिलिस और अन्ना मेनन जिस ऑर्बिट में गए थे, उसकी ऊंचाई 1,408.1 किमी की थी। इस ऊंचाई पर 50 साल से अधिक समय से कोई अंतरिक्ष यात्री नहीं गया है। इसाकमैन, 1965 में पूर्व सोवियत संघ द्वारा पहला स्पेसवॉक करने के बाद से ऐसा करने वाले 264वें व्यक्ति बन गए है। इस सूची में स्पेसएक्स की सारा गिलिस का नाम 265वें नंबर पर दर्ज है। अब तक सभी स्पेसवॉक पेशेवर अंतरिक्ष यात्रियों ने किए थे।
लगभग 27 हजार किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उनके कैप्सूल ने पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश किया। हवा में घर्षण से उसका तापमान 1900 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, लेकिन इसके नीचे लगी हीटशील्ड ने अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित रखा। जैसे-जैसे कैप्सूल नीचे आया उसकी रफ्तार को धीमा किया गया। बाद में पैराशूट खोले गए और पानी में लैंडिंग हुई। बाद में एक बोट के जरिये उन्हें जमीन पर लाया गया।
नासा के केनेडी अंतरिक्ष केंद्र से 27अगस्त को पोलारिस डॉन मिशन को लॉन्च किया जाना था। मगर हीलियम के रिसाव के कारण अगस्त तक टालना पड़ा था। इसके अगले दिन स्पेसएक्स ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए कहा था कि फ्लोरिडा के तट पर खराब मौसम की भविष्यवाणियों के कारण मिशन में फिर देरी हो रही है। तब, इसाकमैन ने कहा था कि हमारे मिशन की देरी में खराब मौसम का हाथ है। हमें लॉन्च करने से पहले मौसम के बारे में पूरी तरह से सुनिश्चित होना चाहिए। अभी आज रात या कल परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं, इसलिए हम हर दिन नजर बनाए रखेंगे। जैसा कि एलन मस्क ने जिक्र किया है कि पोलारिस डॉन महत्वपूर्ण उद्देश्यों के साथ एक चुनौतीपूर्ण मिशन है, इसलिए हम सफलता सुनिश्चित करने के लिए सबसे अच्छे अवसर का इंतजार करेंगे।

Select Language

Advertisement