Connect with us

देहरादून

धामी मॉडल’ के मुरीद हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, 2027 की जीत का दिया मंत्र

Published

on

खबर शेयर करें 👉

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड दौरे पर सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और UCC जैसे फैसलों की जमकर तारीफ की। कहा- 2027 में बनेगी तीसरी बार सरकार।

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक रूप से इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने प्रदेश कोर कमेटी, सांसदों, विधायकों और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठकें कीं। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष के भीतर उत्तराखंड भाजपा संगठन को लेकर एक नया जोश और उत्साह देखने को मिला।
दौरे के बीच शनिवार को देहरादून में आयोजित एक महत्वपूर्ण गोष्ठी में नितिन नवीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यशैली की तारीफ करते नहीं थके। उन्होंने खुले मंच से राज्य सरकार के विकास कार्यों और सुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीएम धामी के साहसिक नेतृत्व में उत्तराखंड सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनके फैसलों ने न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विशेष रूप से उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के फैसले को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारों और सामाजिक समानता के मामले में ‘धामी मॉडल’ ने पूरे देश को एक नई राह दिखाई है। इसके साथ ही उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल प्रबंधन और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की भी पीठ थपथपाई। उन्होंने भरोसा जताया कि गंगा मैया के आशीर्वाद और धामी जी के नेतृत्व में भाजपा 2027 में तीसरी बार सरकार बनाएगी।
नितिन नवीन ने चुनावी सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को ‘बूथ मजबूत’ करने का मूल मंत्र दिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केंद्रीय नेतृत्व ने इस दौरे से साफ कर दिया है कि आगामी चुनाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चेहरे और उनके विकास कार्यों के दम पर ही लड़ा जाएगा। इस दौरे के बाद से भाजपा संगठन निचले स्तर पर अपनी तैयारियों को धार देने के लिए पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

Select Language

Advertisement