उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में बम धमाके की धमकी: पुलिस थाने, केदारनाथ और बदरीनाथ निशाने पर, अलर्ट जारी
उत्तराखंड के सभी थानों, हरिद्वार नगर निगम और केदारनाथ-बदरीनाथ समेत कई धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं
देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में सोशल मीडिया और ई-मेल के जरिए कई महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस धमकी भरे संदेश में प्रदेश के सभी पुलिस थानों, हरिद्वार नगर निगम, मसूरी नगर पालिका और प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए मसूरी में नगर पालिका परिसर को आनन-फानन में खाली कराया गया। वहीं, हरिद्वार में बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वॉयड की टीम ने नगर निगम परिसर की गहन जांच की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए 25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी थानों में धमाका करने का खुला चैलेंज दिया गया है।
हरिद्वार और मसूरी के कार्यालयों को मिली ई-मेल में कथित तौर पर खालिस्तान समर्थक संगठन का नाम लिया गया है। इस मेल में हरिद्वार मेयर, रेलवे स्टेशन, दिल्ली, केदारनाथ और बदरीनाथ जैसे देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। इस संदेश में देश के गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नामों का भी उल्लेख किया गया है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट करने वाले संदिग्ध मोबाइल नंबर और प्रोफाइल की पहचान जसप्रीत सिंह निवासी अंबाला, हरियाणा के रूप में की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से चारधाम यात्रा रूट समेत सभी संवेदनशील इलाकों में चेकिंग बढ़ा दी गई है। पुलिस तकनीकी टीमों की मदद से इस पूरी साजिश के पीछे छिपे चेहरों की तलाश में जुटी है।
