Report by : CWN Desk
Published at :
यूकेएसएसएससी परीक्षा में पेपर बाहर आने से हड़कंप, दो महिलाएं हिरासत में

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सोमवार को देहरादून में अमरोड़ा डिग्री कॉलेज, प्रतापनगर, टिहरी की प्रोफेसर सुमन समेत पांच लोगों के खिलाफ रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों में परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी खालिद, उसकी बहनें हिना व साबिया और एक अज्ञात भी शामिल हैं।
पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद रविवार को एसएसपी अजय सिंह ने जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। जांच में पता चला कि रविवार को परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू हुई और मात्र 35 मिनट बाद यानी 11:35 बजे प्रश्नपत्र के तीन पन्नों के स्क्रीनशॉट खालिद के फोन से प्रोफेसर सुमन के व्हाट्सएप पर भेजे गए। इन पन्नों में कुल 12 प्रश्न थे। प्रोफेसर सुमन ने तुरंत प्रश्न हल किए और उन्हें वापस खालिद को भेज दिया। इस दौरान खालिद की बहनें साबिया और हिना लगातार सुमन से व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क में थीं।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रोफेसर सुमन ने प्रश्नपत्र और उनके उत्तर उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार को भी भेजे थे। हालांकि, उनकी संलिप्तता को लेकर अभी जांच जारी है।
पुलिस ने सोमवार को प्रोफेसर सुमन और हिना को दोबारा हिरासत में लेकर पूछताछ की, जबकि फरार मुख्य आरोपी खालिद की बहन साबिया को गिरफ्तार कर लिया गया। पूरे मामले की जांच एसपी देहात जया बलोनी को सौंपी गई है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मुकदमा भर्ती परीक्षा में अनुचित साधन रोकथाम व निवारण के उपाय अध्यादेश के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि पेपर लीक की इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था तथा स्क्रीनशॉट बाहर लाने के पीछे की गहरी साजिश क्या थी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›