Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में तैनात रेलवे सुरक्षा बल के दारोगा को रिश्वत लेते सीबीआइ ने गिरफ्तार किया

सीबीआइ ने दर्ज किया मुकदमा, संपत्ति की जांच भी शुरू
हल्द्वानी। टैक्सी चालक से मासिक रिश्वत की मांग करने वाले हल्द्वानी में तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के दारोगा को सीबीआइ ने गिरफ्तार किया है। आरोपित टैक्सी चालक से पार्किंग में सवारी भरने की एवज में चार हजार रुपये प्रतिमाह की रिश्वत की मांग कर रहा था।
बुधवार को सीबीआइ टीम ने आरोपित को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। अब सीबीआइ टीम आरोपित की संपत्ति की जांच में जुट गई है। मोहम्मद इरशाद निवासी आजादनगर बनभूलपुरा हल्द्वानी ने सीबीआइ के देहरादून कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह टैक्सी चालक है और हल्द्वानी स्थित रेलवे स्टेशन से सवारियां ले जाता है।
उसने आरोप लगाया कि हल्द्वानी स्थित रेलवे स्टेशन में तैनात आरपीएफ का दारोगा दिनेश मीणा उससे पार्किंग में सवारी बैठाने की एवज में चार हजार रुपये की मासिक रिश्वत की मांग कर रहा है। 15 जनवरी को दारोगा दिनेश मीणा ने अपने मोबाइल से मोहम्मद इरशाद को फोन किया और रिश्वत देने के लिए अपने कार्यालय में बुलाया।
जहां मोहम्मद इरशाद ने दारोगा से रिश्वत की राशि कम करने को कहा। इस पर दारोगा ने तीन हजार रुपये प्रतिमाह रिश्वत देने को कहा, लेकिन इरशाद ने इसमें भी असमर्थता जातई। अंत में दारोगा ने दो हजार रुपये प्रतिमाह रिश्वत देने की बात कही।
शिकायत के आधार पर एसपी सीबीआइ एसके राठी के निर्देश पर सीबीआइ की टीम बुधवार को हल्द्वानी पहुंची, जहां आरोपित दारोगा को मोहम्मद इरशाद से दो हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
रिश्वत लेने वाले दारोगा के विरुद्ध सीबीआइ ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित की संपत्ति की जांच शुरू कर दी गई है। उसके बैंक खाते खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराई गई रिश्वत मांगने की आडियो रिकार्डिंग भी सीबीआइ ने कब्जे में ले ली है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›