Connect with us

देहरादून

रूस में उत्तराखंड के शेफ की मौत: शव भारत लाने के लिए जयशंकर से गुहार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रूस के मास्को में टिहरी के शेफ दीवान सिंह का आकस्मिक निधन हो गया है। परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर से पार्थिव शरीर भारत लाने की मांग की है।

देहरादून। रूस के मास्को शहर में उत्तराखंड के एक भारतीय शेफ की आकस्मिक मौत के बाद हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक स्थित देवट गांव निवासी 38 वर्षीय दीवान सिंह के रूप में हुई है। दीवान सिंह का 22 मई को रूस में अचानक निधन हो गया था। इस दुखद खबर के गांव पहुंचते ही मृतक के परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
अब पीड़ित परिजन अपने लाडले के अंतिम दर्शन और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। इसके लिए परिवार और क्षेत्रवासियों ने भारत सरकार से पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वतन वापस लाने की गुहार लगाई है। इस मामले में जिला पंचायत सदस्य सीता रावत समेत तमाम ग्रामीणों ने एकजुट होकर 23 मई को स्थानीय प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा है।
यह ज्ञापन सीधे भारत सरकार के विदेश मंत्री एस जयशंकर (S. Jaishankar) को संबोधित करते हुए भेजा गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि रूस स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से दीवान सिंह के पार्थिव शरीर को सुरक्षित भारत लाने की तत्काल व्यवस्था की जाए। ग्रामीण और परिजन अब केंद्र सरकार और भारतीय दूतावास की तरफ उम्मीद लगाए बैठे हैं।
प्रशासन ने भी इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम घनसाली मंजू राजपूत ने संबंधित ज्ञापन को उचित कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल को अग्रसारित कर दिया है। प्रशासनिक स्तर पर आगे की प्रक्रिया तेजी से शुरू कर दी गई है ताकि पीड़ित परिवार को जल्द राहत मिल सके।

Select Language

Advertisement